Manipur के जिरीबाम जिले की एक नदी में शुक्रवार शाम को एक महिला और दो बच्चों के शव मिलने से क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है। यह घटना पहले से हिंसा और अस्थिरता झेल रहे राज्य में चिंता का नया कारण बन गई है। माना जा रहा है कि ये शव उन छह लोगों में से हैं, जो 11 नवंबर से लापता थे।

अधिकारियों के अनुसार, शवों का विवरण लापता लोगों में से तीन से मेल खाता है। यह घटना राज्य में पहले से जारी अशांति को और गहरा करती है। लापता लोगों के परिवारों और स्थानीय समुदायों में गुस्से और दुख का माहौल है। कहा जा रहा है कि ये लाशें उन लोगों की हैं जिन्हें उग्रवादियों ने पहले किडनैप कर लिया था। इस घटना के सामने आने के बाद राज्य में हिंसा भड़क उठी।
गुस्साए लोगों ने BJP विधायकों के घरों पर हमला कर तोड़फोड़ की। यहां तक कि मुख्यमंत्री बिरेन सिंह के दामाद के घर को भी प्रदर्शनकारियों ने निशाना बनाया। स्थिति को काबू में लाने के लिए प्रशासन को इंफाल में कर्फ्यू लगाना पड़ा।
इसके साथ ही, मणिपुर के सात जिलों में इंटरनेट सेवाएं भी बंद कर दी गई हैं ताकि अफवाहों को फैलने से रोका जा सके। यह घटना मणिपुर में पहले से चल रहे अशांत माहौल को और गंभीर बना रही है, जिससे वहां के लोग दहशत और तनाव में जी रहे हैं।